Friday 14 September 2018

वृद्धावस्था में होने वाले फ्रैक्चर


जीवन के उत्तरार्ध में उम्र बढऩे के साथ—साथ अस्थियों एवं जोड़ों की तकलीफे बढऩी भी शुरु हो जाती हैं। अधिकांश उम्रदराज लोग इनके रोगों से कम या अधिक मात्रा में पीडि़त होते हैं और कष्ट सहते रहते हैं। यह एक स्वभाविक प्रक्रिया है जहां शरीर के अन्य भागों में और अन्य अंगों की कार्य पद्धति में शिथिलता आने लगती है और शारीरिक क्षमता में क्षरण शुरू हो जाता है। ऐसी अवस्था में जोड़ों में विकार पैदा हो जाना या हड्डियों का मामूली चोट से टूट जाना साधारण बात है। वृद्धावस्था में प्राय: रहने वाले रोग जैसे —दमा उच्च रक्तचाप, मधुमेह, शारीरिक शिथिलता एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी, बीमारी की उग्रता को और बढ़ा देता है। इन सबके लिए उत्तरदायी है हड्डियों का क्षरण जिसके फलस्वरूप उनमें खोखलापन आने लगता है और वे मजबूती से शरीर का वजन और लोच सहन नहीं कर पाती। स्त्रियों में यह स्थिति रजोनिवृति के बाद शुरू होती है और पुरूषों में 50 वर्ष के बाद। स्त्रियों में इसका कारण एन्ड्रोजन नामक हार्मोन की कमी होना है। सामान्य गतिविधियों में कमी और शारीरिक व्यायाम का अभाव भी इस रोग को बढ़ाता है। गुर्दे संबंधी रोग व स्टीरोयड दवाओं का अत्यधिक प्रयोग या समुचित पोषक आहार का अभाव भी रोग को बढ़ाता है।

लक्षण

अधिकांश समय में रोगी वृद्ध स्त्री होती है जो ऊपरी तौर से स्वस्थ और सामान्य दिखाई देती है कुछ स्त्रियों को कमर दर्द अक्सर होता रहता है। कंधे की हड्डियों व कलाइयों में दर्द रह सकता है। इसका कारण मामूली चोट के फलस्वरूप इन भागों की हड्डियों में दरार पड़ जाना हट जाना है उनके जुड़ते ही दर्द कम होने लगता है।
उपचार : नियमित हल्की कसरत शरीर के सभी भागों में रक्त संचारण बढ़ाती है। जिससे हड्डियां का क्षरण कम हो जाता है। अगर रोगी स्टीरोयड दवाईयों का उपयोग कर रहा है तो उसे बंद कर देनी चाहिए, रजोनिवृति में इस्ट्रोजन की गोलियां चिकित्सक की देखरेख में ही लाभ पहुंचाती है। विटामिन —डी, कैल्शियम भी अति आवश्यक है। दूध में भरपूर कैल्शियम होता है अत: इसे अवश्य लें। अगर रोगी मोटापे से ग्रसित है तो इसको भी कम करने का प्रयास करें।
वृद्धावस्था में होने वाले फैक्चर
उपयुक्त कारणों की वजह से कुछ फैक्चर वृद्धावस्था में सामान्यत: देखे जा सकते है। जैसे— कलाई और कूल्हे में। इसको कभी सामान्य स्थिति न समझकर उचित इलाज करवाने से जटिलताओं से बचा जा सकता है।

कंधे की हड्डियां टूटना

अक्सर यह वृद्ध स्त्रियों में होता है। हाथों के बल गिर जाना या हाथों से जोर का धक्का लगना, इस चोट का कारण बनता है। कई बार रोगी को इस चीज का आभास नहीं होता है व अपना कार्य सुचारू रूप से या कुछ दर्द के साथ करता रहता है, परंतु कई बार असहनीय दर्द या नीले रंग के चकते जोड़ के आस—पास उभर आते हैं। इसका निदान एक्स—रे से किया जा सकता है।
उपचार: निदान के बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ की सहायता से जोड़ को आराम देने के लिए प्लास्टर लगा दिया जाता है। कभी भी ऐसी स्थिति में सेक न करें । लगभग दो माह में हड्डी जुड़ जाती है।

कलाई की हड्डी का टूटना

इसे कोलीज फैक्चर कहते हैं। यह सर्वाधिक आम चोट है। अक्सर वृद्धों में होती है। यह हाथों के बल गिरने से होती है। कलाई में दर्द व सूजन आ जाना व जोड़ दिखने में खाने में काम आने वाले कांटे की शक्ल का हो जाता है। एक्स रे से रोग का निदान कर 4 सप्ताह का प्लास्टर लगा दिया जाता है।

कूल्हे की हड्डी का टूटना

60 वर्ष की उम्र के पश्चात होने वाले फैक्चरों में इसका प्रमुख स्थान है। बढ़ती उम्र के साथ अस्थि दुर्बलता इसका मुख्य कारण है। जिसके फलस्वरूप एक हल्की सी चोट या फिसलकर गिर जाने से भी कूल्हे की हड्डी टूट जाती है, कूल्हे की हड्डी के टूटने का मुख्य कारण है बाथरूम में फिसलना या अचानक चक्कर आकर गिर पडऩा। हड्डी टूटते ही रोगी उठ नहीं सकता व असहाय पीड़ा का अनुभव करता है। एक्स—रे द्वारा निदान कर शल्य क्रिया द्वारा आजकल इसका उपचार किया जाता है। शल्य क्रिया की अनेक विधियां है जिन्हें मरीज की उम्र शारीरिक परिस्थितियों के अनुसार कार्य में लाया जाता है।
 टूटे भाग में कील, स्टील, प्लेट या स्क्रू द्वारा आपस में जोड़ देना।
 हड्डी के टूटे सिरे को निकाल कर स्टील का सिर उस टूटे भाग पर स्थापित करना।
 कूल्हे के जोड़ को निकालकर मानव निर्मित कूल्हे द्वारा बदल देना।
 अधिक समय तक रोगी को बिस्तर पर रखना हानिकारक हो जाता है। शल्य क्रिया से रोगी जल्दी स्वस्थ होकर चलने फिरने लगता है व बहुत सी जटिलताओं से बच जाता है।

अंत में— वृद्धावस्था की बेहतरी न केवल उसके शारीरिक स्वास्थ्य पर निर्भर करती है बल्कि उसे मानसिक राहत भी मिलनी चाहिए। इस उम्र में चारों ओर से व्याधियां घेर लेती है और उनका यथोचित इलाज करवाना जरूरी हो जाता है। कभी कभी एकाकीपन भी दुख का कारण बन जाता है। ऐसे में एक सहानुभूति पूर्ण दृष्टिकोण अपनाना सुखदायी होता है। वृद्धावस्था बाल्यावस्था जैसी हो जाती है। जिसके कारण चिड़चिड़ापन बढ़ जाता है और कई बार एक तनावपूर्ण वातावरण बना देता है। अत: हमें धैर्य के साथ ऐसी स्थिति से निपटना चाहिए जो कठिन हो सकती है पर असम्भव नहीं।

No comments:

Post a Comment